मटन को लेकर गतिरोध खत्म: पंजाब सरकार के दखल के बाद पशु व्यापारियों ने ली हड़ताल वापिस

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 03 जुलाई (हि.स.)।

कश्मीर मटन डीलर्स एसोसिएशन (केडीएमए) ने शुक्रवार को घोषणा की कि पंजाब सरकार के दखल के बाद पशु व्यापारियों की हड़ताल वापस ले ली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे चेकपॉइंट पर पशुओं को ले जाने वाले वाहनों को न रोकें।

केडीएमए के जनरल सेक्रेटरी मेराज-उद-दीन ने कहा कि एसोसिएशन को जानकारी मिली है कि पंजाब सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया है कि वे चेकपॉइंट पर पशुओं के वाहनों को न रोकें।

उन्होंने कहा, हड़ताल वापस ले ली गई है। हमें बताया गया है कि पंजाब पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे चेकपॉइंट पर हमारे वाहनों को न रोकें। पशु मंडियों से भी सप्लाई फिर से शुरू करने को कहा गया है।

हालांकि उन्होंने कहा कि ज़मीनी स्थिति की समीक्षा करने से पहले एसोसिएशन औपचारिक लिखित आदेशों का इंतज़ार कर रही है। उसके बाद हम देखेंगे कि ज़मीनी स्तर पर चीज़ें कैसे आगे बढ़ती हैं और क्या निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर के लिए पशुओं की आवाजाही सुचारू रूप से फिर से शुरू हो जाएगी।

गौरतलब है कि कई दिनों तक चली इस हड़ताल के कारण पंजाब से जम्मू-कश्मीर तक भेड़ों के परिवहन में बाधा आई थी जिससे कश्मीर में मटन की संभावित कमी को लेकर चिंता पैदा हो गई थी खासकर शादी-ब्याह के मौजूदा मौसम के दौरान।

इस मुद्दे पर सरकारी स्तर पर दखल देना पड़ा था। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पहले कहा था कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिख इस मामले पर बात की है और जम्मू कश्मीर जम्मू के पशु व्यापारियों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई को अनुचित बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story