नशे के खिलाफ गूंजा नुक्कड़ नाटक “आत्मचिंतन”
जम्मू, 13 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के रेहाड़ी चुंगी स्थित जेएमसी पार्क में “एक साथ रंगमंडल” द्वारा अपने 512वें मंडे थिएटर के तहत नए प्रगतिशील नुक्कड़ नाटक “आत्मचिंतन” का मंचन किया गया। इस नाटक के माध्यम से समाज में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया गया। नाटक में सामाजिक कार्यकर्ता और सेवानिवृत्त सैनिक कृपा राम ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि नशा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकार में बदल देता है और उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य व सामाजिक प्रतिष्ठा को बुरी तरह प्रभावित करता है।
नाटक में अलका रानी, रवि, अशोक और राजू के किरदारों के जरिए यह दर्शाया गया कि कैसे गलत आदतें युवाओं को बर्बादी की ओर ले जाती हैं और समाज में उनकी इज्जत को खत्म कर देती हैं। संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि उसके परिवार और समाज के सम्मान को भी प्रभावित करता है। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने “आत्मचिंतन” की सराहना करते हुए इसे बेहद प्रभावी और जागरूकता फैलाने वाला प्रयास बताया। नाटक में आर्यन, हनी, अक्षय, अर्जुन मनहास, हैप्पी गुप्ता, रोमिका और विजय मल्ला ने शानदार अभिनय किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

