बारिश के मौसम में सतर्क रहें, सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
बारिश के मौसम में सतर्क रहें, सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील


कठुआ, 03 अगस्त (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन कठुआ ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि नागरिक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी जोखिम भरी गतिविधि से बचें।

जारी निर्देशों के अनुसार लोगों को नालों, नदियों और जलाशयों के पास जाने से बचने को कहा गया है विशेषकर तब जब पानी का बहाव तेज हो। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भूस्खलन की आशंका के चलते सतर्क रहने और कमजोर या दरार वाली सड़कों पर यात्रा न करने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों के निवासियों को जलभराव की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पानी से भरे रास्तों, पुलों और कारणवे को पार करने का प्रयास न करें क्योंकि इससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें, जरूरी सामान तैयार रखें और मोबाइल फोन चार्ज रखें। साथ ही पड़ोसियों की मदद करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र कठुआ 01922-238796, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम 112 नंबर जारी किए। प्रशासन ने दोहराया है कि सतर्कता और सहयोग से ही किसी भी आपदा के प्रभाव को कम किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story