बारिश के मौसम में सतर्क रहें-जिला प्रशासन कठुआ की एडवाइजरी जारी, आपात स्थिति में 112 व 01922-238796 नंबर पर फोन करें
कठुआ, 31 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन कठुआ ने विस्तृत रेन सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।
एडवाइजरी के अनुसार लोगों को नदियों, नालों, झरनों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। भूस्खलन संभावित व संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें और अधिकतर समय घरों के भीतर ही सुरक्षित रहें। बिजली संबंधी खतरों को देखते हुए लोगों को खुले तारों, बिजली के खंभों और ढीले कनेक्शनों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जलभराव वाले मार्गों से बचने के निर्देश दिए गए हैं। पैदल चलने वालों को भी खुले नालों और पानी भरी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने कहा कि नागरिक नियमित रूप से मौसम अपडेट और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। साथ ही घरों में जरूरी दवाइयों, दस्तावेजों व अन्य आवश्यक वस्तुओं के साथ इमरजेंसी किट तैयार रखने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम 112 तथा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष कठुआ 01922-238796 पर संपर्क करने को कहा गया है।
प्रशासन ने आगाह किया है कि भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन और अन्य नुकसान हो सकते हैं। ऐसे में नागरिक एक-दूसरे की मदद करें और बच्चों, बुजुर्गों व कमजोर वर्गों का विशेष ध्यान रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

