जम्मू के कैलाश नगर में भगवान हनुमान की प्रतिमा स्थापित, भव्य लंगर का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू के कैलाश नगर में भगवान हनुमान की प्रतिमा स्थापित, भव्य लंगर का आयोजन


जम्मू के कैलाश नगर में भगवान हनुमान की प्रतिमा स्थापित, भव्य लंगर का आयोजन


जम्मू, 24 जून (हि.स.)। कैलाश नगर वार्ड नंबर-30 में कैलाश नगर वेलफेयर सोसायटी द्वारा भगवान हनुमान की प्रतिमा श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ स्थापित की गई। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और श्रद्धालु शामिल हुए तथा भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जेकेएनसी के प्रांतीय संयुक्त सचिव अंकुश अबरोल और केंद्रीय क्षेत्र के जोनल सचिव एवं समन्वयक डॉ. विकास शर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिमा स्थापना के बाद सोसायटी द्वारा भव्य लंगर का आयोजन किया गया जिसमें श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सभा को संबोधित करते हुए अंकुश अबरोल ने कहा कि भगवान हनुमान का जीवन सेवा, समर्पण, साहस और समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं और आकांक्षाओं का सम्मान किए जाने की बात कहते हुए केंद्र शासित प्रदेश को पुनः राज्य का दर्जा देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल होने से लोगों का विश्वास मजबूत होगा और विकास को नई गति मिलेगी। डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कैलाश नगर वेलफेयर सोसायटी की सराहना करते हुए कहा कि भगवान हनुमान की शिक्षाएं समाज को सत्य, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

वक्ताओं ने स्थानीय लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की भी सराहना की और समाज के कल्याण, शांति और प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में कैलाश नगर वेलफेयर सोसायटी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story