नशा तस्करों और अपराधियों पर एसएसपी का बड़ा प्रहार, जांच में देरी बर्दाश्त नहीं

WhatsApp Channel Join Now
नशा तस्करों और अपराधियों पर एसएसपी का बड़ा प्रहार, जांच में देरी बर्दाश्त नहीं


कठुआ, 02 नवंबर (हि.स.)। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने पुलिस थाना कठुआ में अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन तथा लंबित जांच मामलों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जांच प्रक्रिया में तेजी लाने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और मामलों का समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए।

बैठक में एएसपी कठुआ सुनील केसर डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश्वर सिंह सहित पुलिस थाना कठुआ के सभी जांच अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में नए आपराधिक कानूनों के सख्त क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को 60/90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा का पालन करने, एसआईडी तैयार करने, ई-समन की ऑनलाइन तामील सुनिश्चित करने तथा घोषित अपराधियों के खिलाफ उनकी अनुपस्थिति में मुकदमे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उपयुक्त मामलों में अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त करने और जघन्य अपराधों में अनिवार्य रूप से एफएसएल टीम का दौरा सुनिश्चित करने को कहा गया। नशा तस्करों और गोवंश तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने नशा तस्करों और गोवंश तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के साथ उनके नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाकर पूरे तंत्र को ध्वस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी मामलों में समय पर चालान पेश करने और जांच को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर भी जोर दिया। महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने ऐसे मामलों में बिना देरी एफआईआर दर्ज करने, निर्धारित समय-सीमा में जांच पूरी करने तथा पीड़िताओं के साथ संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश दिए।

एसएसपी मोहित शर्मा ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी, गोवंश तस्करी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

उन्होंने पर्यवेक्षी अधिकारियों और थाना प्रभारी को पेशेवर, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जांच में गुणवत्ता, जवाबदेही और समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story