हटली मोड़ से शहीद भगत सिंह चौक तक एसएसपी मोहिता शर्मा का पैदल मार्च, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
हटली मोड़ से शहीद भगत सिंह चौक तक एसएसपी मोहिता शर्मा का पैदल मार्च, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई


कठुआ, 25 सितंबर (हि.स.)। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने शुक्रवार को हटली मोड़ से शहीद भगत सिंह चौक तक करीब ढाई किलोमीटर पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे यातायात व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

एसएसपी के साथ एसपी कठुआ, डीएसपी मुख्यालय, थाना प्रभारी कठुआ, हटली पुलिस पोस्ट प्रभारी तथा यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे। पैदल मार्च हटली मोड़ से सावन चौक होते हुए शहीद भगत सिंह चौक तक किया गया। इस दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान किए गए जबकि सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने वाले चारपहिया वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिलों में किए गए मॉडिफिकेशन, बड़े मालवाहक वाहनों तथा उनके दस्तावेजों की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ दोपहिया वाहनों को जब्त भी किया गया।

एसएसपी ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वाहन के जरूरी दस्तावेज पूरे रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने और नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर शहर में लोगों के बीच चर्चा भी रही। कुछ लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में सराहनीय कदम बताया जबकि कुछ लोगों का कहना था कि ऐसी कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित न रहकर नियमित रूप से होनी चाहिए। लोगों के अनुसार शहर में यदि लगातार नाके और जांच अभियान चलाए जाएं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित कार्रवाई हो तो यातायात नियमों के पालन की स्थिति में और सुधार आ सकता है।

एसएसपी ने कहा कि आम लोगों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने वाहन चालकों और दुकानदारों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story