अमरनाथ यात्रा-2026-एनएच पर लंगर स्थलों की सुरक्षा का एसएसपी कठुआ ने लिया जायजा, सख्त निर्देश जारी

WhatsApp Channel Join Now
अमरनाथ यात्रा-2026-एनएच पर लंगर स्थलों की सुरक्षा का एसएसपी कठुआ ने लिया जायजा, सख्त निर्देश जारी


कठुआ, 26 मई (हि.स.)। पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एसएसपी कठुआ मोहीता शर्मा ने मंगलवार को जिले के नेशनल हाईवे पर स्थापित सभी लंगर स्थलों, जिनमें लखनपुर भी शामिल है, का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी के साथ सभी क्षेत्राधिकार अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने यात्रा मार्ग पर बनाए गए प्रत्येक लंगर स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान एसएसपी ने मौके पर ही अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि वार्षिक यात्रा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने सीसीटीवी, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की। साथ ही सभी लंगर प्रबंधन समितियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करें जिसमें कैमरों की स्थापना, पर्याप्त पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं शामिल हैं।

कठुआ पुलिस ने दोहराया कि श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सहज और परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story