अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करने वाली श्रीनगर पुलिस टीम सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करने वाली श्रीनगर पुलिस टीम सम्मानित


श्रीनगर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीनगर पुलिस ने डाउनटाउन क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में नेटवर्क के अंतरराज्यीय संपर्कों और नशे के कारोबार से जुड़े वित्तीय चैनलों का भी खुलासा हुआ है।

इस कार्रवाई के लिए कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार सिंह आईपीएस ने श्रीनगर पुलिस की टीम को सम्मानित किया। टीम का नेतृत्व श्रीनगर के एसएसपी डॉ. जी.वी. सुंदीप चक्रवर्ती आईपीएस ने किया। सम्मानित पुलिस टीम में जोनल एसपी शौकत अहमद, एसडीपीओ एम.आर. गंज जुनैद वली, थाना एम.आर. गंज के एसएचओ तथा जांच अधिकारी शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क थाना सफाकदल में दर्ज एफआईआर संख्या 135/2026 की जांच के दौरान सामने आया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया तथा बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों के अलावा नकदी, सोना और अन्य कीमती संपत्तियां बरामद कीं जिनकी कुल कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। जांच में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय संपर्कों के साथ-साथ इसके लिए इस्तेमाल किए जा रहे वित्तीय माध्यमों की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं और वित्तीय ढांचे की जांच कर रही है।

आईजीपी कश्मीर ने पुलिस टीम के पेशेवर रवैये, समर्पण और लगातार किए गए जांच प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों से संगठित अपराध और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का आह्वान किया। श्रीनगर पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने, उनके वित्तीय ढांचे पर कार्रवाई करने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story