लोलाब में ओलावृष्टि से तबाही: एक की मौत, एक घायल
श्रीनगर, 24 मई (हि.स.)। रविवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोलाब इलाके में भीषण मौसम के दौरान बिजली गिरने से एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश और आंधी के बीच चंदीगाम इलाके में बिजली गिरने से दोनों युवक घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि उन्हें तुरंत सोगम उप-जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को विशेष उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज हंदवारा रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान अब्दुल रहीम गनी के पुत्र आबिद रहीम गनी (23) के रूप में हुई जबकि घायल की पहचान अब्दुल रहमान के पुत्र फैजान रहमान डार (24) के रूप में हुई, दोनों चंदीगाम लोलाब के निवासी थे।
अधिकारी ने बताया कि चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतक का शव उसके परिवारवालों को सौंप दिया गया।
इस बीच लोलाब घाटी के कई हिस्सों में भीषण ओलावृष्टि हुई जिससे बागों और खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा और किसानों को कटाई के मौसम में भारी नुकसान की आशंका सता रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

