खेल मंत्री सतीश शर्मा ने प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों से की मुलाकात, मांगों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 17 अगस्त (हि.स.)।

खेल से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों से खेल मंत्री सतीश शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगें मंत्री के सामने रखीं और खेल क्षेत्र में कथित अनियमितताओं को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

मंत्री ने उन मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया जो जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती हैं। इनमें एसओ. 12 में संशोधन तथा खेल क्षेत्र में कथित बैकडोर एंट्री और सूची में कथित फर्जी नामों की जांच के लिए स्वतंत्र सिट गठित करने की मांग प्रमुख है।

प्रदर्शनकारी खिलाड़ियों ने खेल विभाग से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियुक्तियों और चयन प्रक्रियाओं में स्पष्ट एवं निष्पक्ष व्यवस्था होनी चाहिए।

वहीं सीबीआई जांच की मांग और नुज़हत गुल के इस्तीफे से संबंधित मुद्दे उपराज्यपाल प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इस बीच नुज़हत गुल के खिलाफ लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो, जम्मू-कश्मीर द्वारा जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शनकारी खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाली मांगों पर जल्द ठोस कदम उठाएगी और खेल व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story