किश्तवाड़ पुलिस ने एसपीओ हत्याकांड का खुलासा किया, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

किश्तवाड़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। किश्तवाड़ पुलिस ने लापता स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) की हत्या के मामले को सुलझा लिया है। एसपीओ का शव त्रिगम वन क्षेत्र में एक गड्ढे से बरामद करने के बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपीओ बशीर अहमद 15 अक्टूबर को त्रिगम पुलिस पिकेट से अपने सर्विस हथियार के साथ लापता हो गए थे, जिसके बाद कई टीमों ने लगाकर एक तलाशी अभियान शुरू किया। प्रवक्ता ने कहा कि १6 अक्टूबर को तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एसपीओ का हथियार और उसके बाद त्रिगम वन क्षेत्र के सेरान वानी इलाके में एक नाले के गड्ढे से उनका शव बरामद किया, जहां उसे दफनाया गया था। शव मिलने के बाद किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान दो संदिग्धों सेरान वानी (त्रिगम) के रहने वाले बशीर अहमद डार और नज़ीर अहमद डार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में एसपीओ की हत्या के पीछे की साजिश और मकसद का पता चला। साथ ही आरोपितों की निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल हथियार और मृतक का छिपाया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। बयान में कहा गया है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763300 Articles

Share this story