रंग तरंग के दूसरे दिन नाटक, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
रंग तरंग के दूसरे दिन नाटक, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां


जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) जम्मू के वार्षिक परफॉर्मिंग आर्ट्स महोत्सव ‘रंग तरंग-2026’ के दूसरे दिन मंडपम ऑडिटोरियम में नाटक, संगीत और नृत्य की छह आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में चार नाटकों, एक लाइव संगीत प्रस्तुति और एक राजस्थानी लोकनृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के इन-हाउस म्यूजिक बैंड ने आर्यमन गुहा के नेतृत्व में की जिसकी ऊर्जावान प्रस्तुति को दर्शकों ने स्टैंडिंग ओवेशन देकर सराहा। इसके बाद व्यंग्य नाटक ‘मुगल-ए-मॉडर्न’ ने समकालीन अंदाज में मुगलकाल की घटनाओं को हास्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं ‘फॉरबिडन एक्सपेरिमेंट’ ने मानवीय द्वंद्व को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा। ‘जंगी राम की हवेली’ ने सामाजिक सरोकारों को सशक्त अभिनय के साथ प्रस्तुत किया जबकि ‘हैदर’ जो विलियम शेक्सपियर के हैमलेट से प्रेरित है ने अपनी भावनात्मक गहराई और अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया।

दिन के कार्यक्रम का समापन राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग नृत्य प्रस्तुति से हुआ जिसने पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया। महोत्सव की सभी 18 टीमों को पद्मश्री बलवंत ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया गया है। रंग तरंग-2026 के माध्यम से आईआईएम जम्मू विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क जैसे गुणों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है। महोत्सव आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियों के साथ जारी रहेगा

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story