जस्मेरगढ़ किले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष आउटिंग कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
जस्मेरगढ़ किले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष आउटिंग कार्यक्रम आयोजित


कठुआ, 26 फरवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिक कल्याण पहल के तहत उपमंडल हीरानगर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए जस्मेरगढ़ किले, झांडी में एक दिवसीय मनोरंजन एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह ने एसडीएम कार्यालय से किया, जिसमें तहसीलदार और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस विशेष पहल में उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से 20 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए प्रेरित करना तथा सामाजिक सहभागिता का अवसर प्रदान करना था। इस दौरान कैरम और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर और योग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक भोजन के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story