सोमवती अमावस्या पर कटरा-हरिद्वार विशेष ट्रेन चलाने का फैसला

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 09 जून (हि.स.)।

सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा-हरिद्वार विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 04606/04605 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से हरिद्वार और हरिद्वार से कटरा के बीच विशेष सेवा के रूप में चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 04606, 14 जून 2026 को शाम 6ः15 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6ः30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 04605, 15 जून को शाम 5ः20 बजे हरिद्वार से चलकर 16 जून की सुबह 7ः00 बजे कटरा पहुंचेगी। यह पूरी तरह आरक्षित विशेष ट्रेन होगी और इसमें कुल 16 कोच लगाए जाएंगे जिनमें एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, स्लीपर तथा जनरल श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे।

ट्रेन मार्ग में शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने और वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story