जम्मू के तिरुपति बालाजी मंदिर में विशेष अभिषेक, देश की खुशहाली के लिए की गई प्रार्थना
जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। जम्मू के माजीन क्षेत्र स्थित श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में शुक्रवार को विशेष अभिषेक समारोह का आयोजन किया गया जिसमें डॉ. मनमोहन मीणा (एसी/एमओ सीआरपीएफ 160 बटालियन) सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर देश की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर राजिंदर कुमार, राजकुमार खजूरिया, आशु डुग्गर हवेली, गणेश एंटरप्राइजेज के एमडी राजू जंडयाल, पटवारी दीपक शर्मा तथा मंदिर निरीक्षक साई कृष्णा भी उपस्थित रहे।
मंदिर प्रशासन की ओर से बताया गया कि हर शुक्रवार भगवान वेंकटेश्वर का विशेष अभिषेक किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रशासन ने उपस्थित अतिथियों को भगवान वेंकटेश्वर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. मनमोहन मीणा ने कहा कि जम्मू में तिरुपति बालाजी मंदिर की स्थापना होना गर्व और खुशी की बात है। इससे लोगों को दक्षिण भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के दर्शन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर में आकर भगवान के दर्शन करने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश स्थित तिरुपति मंदिर न जा पाने वाले श्रद्धालु भी जम्मू के इस मंदिर में आकर भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। इस मंदिर से क्षेत्र में आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर स्वामी गौतम , स्वामी नीरज ज, अनुराग स्वामी, गोपाल शर्मा, रवि तेजा और चंदन जी सहित अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

