जन्माष्टमी पर बोले गुलाम अली खटाना, युवा पीढ़ी को श्रीकृष्ण की शिक्षाओं से जोड़ना जरूरी
जम्मू, 04 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी को उनके जीवन एवं संदेश से अवगत कराना जरूरी है।
वह जन्माष्टमी के अवसर पर एवर ग्रीन स्कूल, चेनानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान स्कूली बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
खटाना ने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों से भी जोड़े रखना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को तकनीक के सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार, व्यवसाय या कानून बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि बच्चों में जीवन, प्रकृति, समाज और अपने कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना भी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं कर्तव्य, सत्य, साहस, करुणा और सही आचरण का मार्ग दिखाती हैं। कार्यक्रम में विधायक चेनानी बलवंत सिंह सहित स्कूल के प्रधानाचार्य मोहनिंदर सिंह सोमबोरिया, पूर्व चेयरमैन माणिक गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष अमित, पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह व सुभाष सिंह समेत शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन शांति, सद्भाव और भक्ति के संदेश के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

