एसपी बृजेश शर्मा को भावभीनी विदाई, कार्यकाल की सराहना में आयोजित सम्मान समारोह

WhatsApp Channel Join Now
एसपी बृजेश शर्मा को भावभीनी विदाई, कार्यकाल की सराहना में आयोजित सम्मान समारोह


जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिला ग्रामीण एसपी बृजेश शर्मा के स्थानांतरण के अवसर पर श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा एक भावभीनी विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर उनके कार्यकाल की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में बृजेश शर्मा ने कहा कि जिले में कार्य करना उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा। उन्होंने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसमें उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के लोगों का स्नेह वह हमेशा याद रखेंगे।

ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि बृजेश शर्मा ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता का परिचय दिया तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर तहसीलदार भलवाल मोनिका शर्मा और एडीपीओ दोमाना मुदस्सर ने भी उनके प्रशासनिक समन्वय और नेतृत्व की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर एसपी बृजेश शर्मा को सम्मानित किया और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story