कठुआ में भाजपा की पदयात्रा से गूंजा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का नारा

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में भाजपा की पदयात्रा से गूंजा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का नारा


कठुआ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को कठुआ में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भव्य पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में मुख्य तौर पर जम्मू कश्मीर की सह-प्रभारी एवं हिमाचल प्रदेश से भाजपा विधायक रीणा कश्यप, जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया, कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण, हीरानगर के विधायक विजय शर्मा, बिलावर विधायक सतीष शर्मा तथा जम्मू से पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पदयात्रा का शुभारंभ जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया के निवास स्थान से हुआ। इसके बाद पदयात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए परशुराम चैक, शहीदी चैक तक पहुंची। यहां से यात्रा पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के रास्ते वापस विधायक राजीव जसरोटिया के निवास स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे बुलंद किए और लोगों को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राजनीतिक जवाबदेही के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक स्वार्थपूर्ति के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका लोकतंत्र को मजबूत बनाने की होती है लेकिन कांग्रेस राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए लोगों के बीच भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा कर रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि जनता के विश्वास, संविधान के सम्मान और जवाबदेह व्यवस्था का प्रतीक है। राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए देश और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर लोकतांत्रिक मूल्यों, विकास और सुशासन का संदेश पहुंचाएं।

पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए लोकतंत्र की मजबूती और राजनीतिक जवाबदेही के लिए जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story