एसकेआईएमएस मेडिकल कॉलेज बेमिना के पांच छात्र और इंटर्न रैगिंग के आरोप में सस्पेंड

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। एसकेआईएमएस मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल बेमिना ने रैगिंग की एक घटना में शामिल पाए जाने पर पांच एमबीबीएस छात्रों और इंटर्न को एक हफ़्ते के लिए सस्पेंड कर दिया है और हर एक पर 10 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है।

एसकेआईएमएस मेडिकल कॉलेज बेमिना के प्रिंसिपल के आदेश में कहा गया है कि निलंबित किये गए बैच 2023 के शुभम वर्मा और सुनील वर्मा, बैच 2024 के सहदेव और बैच 2021 के इंटर्न रूपल सुंटल और लविश शर्मा रैगिंग की एक घटना में शामिल थे, जो यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन के एंटी-रैगिंग नियमों का 'गंभीर उल्लंघन' था। यह कार्रवाई संस्थान की एंटी-रैगिंग कमेटी की सिफारिश पर की गई। इन पांच छात्रों/इंटर्न को एक हफ़्ते के लिए क्लास और अन्य एकेडमिक व इंटर्नशिप गतिविधियों से सस्पेंड कर दिया गया है।

इसके अलावा हर स्टूडेंट/इंटर्न पर 10 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसे तय सीडी-10 अकाउंट में जमा करना होगा। आदेश में कहा गया है कि पांच दिनों के अंदर पेमेंट स्लिप एकेडमिक सेक्शन में जमा करें। सभी पांचों स्टूडेंट्स/इंटर्न्स के माता-पिता या अभिभावकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने बच्चों के साथ आएं और आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए एंटी-रैगिंग कमेटी के सामने पेश हों।

संस्थान ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन न करने पर लागू यूजीसी एंटी-रैगिंग नियमों और संस्थान के नियमों के तहत आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। आदेश में संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे लागू नियमों के अनुसार, सस्पेंशन की अवधि के दौरान इंटर्न्स का स्टाइपेंड रोक दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story