छह साल के आद्विक वर्मा की आवाज में गूंजा ‘हर हर महादेव’, जम्मू में भक्तिमय भजन का हुआ विमोचन
जम्मू,, 18 अक्टूबर (हि.स.)।
महज छह साल की उम्र में अपनी गायकी से पहचान बना रहे बाल गायक आद्विक वर्मा की आवाज में प्रस्तुत भक्तिमय भजन ‘हर हर महादेव गूंजे’ का रविवार को प्रेस क्लब जम्मू में विमोचन किया गया। संवेदना सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में निदेशक पर्यटन जम्मू डॉ. विकास गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक सूचना दीपक दुबे और संवेदना सोसायटी के अध्यक्ष एवं समाजसेवी केशव चोपड़ा भी मौजूद रहे।
भगवान शिव की भक्ति को समर्पित इस भजन को आद्विक वर्मा ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल प्रेम लाल शर्मा ने लिखे हैं, जबकि संगीत का संयोजन और निर्माण महीप सिंह ने किया है। भजन का वीडियो सिद्धार्थ फिल्म्स द्वारा तैयार किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विकास गुप्ता ने नन्हे गायक और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि भक्तिमय संगीत हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मददगार साबित हो सकते हैं।
संयुक्त निदेशक सूचना दीपक दुबे ने भी आद्विक वर्मा और भजन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगीत समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर संवेदना सोसायटी के अध्यक्ष केशव चोपड़ा ने कहा कि संस्था स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और संगीत, खेल तथा कला जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संवेदना सोसायटी भविष्य में भी प्रतिभाशाली कलाकारों को सहयोग देती रहेगी और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए काम करेगी।
कार्यक्रम में दीपक कुमार, दीपक रघुवंशी, जनश्वी, नेहा, साहिल राजपूत, पूनम शर्मा, राजेश कुमार, हीना महाजन, पलक शर्मा कोहली, सुनाक्षी बलगोत्रा और आन्या वर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में छह वर्षीय आद्विक वर्मा और भजन की पूरी टीम को बधाई दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

