27 जून 2026 रात 11 बजे से 28 जून 2026 रात 8 बजे तक डुल डैम जलाशय की सिल्ट फ्लशिंग की जाएगी, चिनाब नदी के नजदीक जाने से करें परहेज
जम्मू, 27 जून (हि.स.)। चिनाब नदी के आसपास रहने वाले लोगों के लिए एक जरूरी सूचना जारी की गई है। जारी की गई इस सूचना के अनुसार लोगों को चिनाब नदी के नजदीक जाने से परहेज करने के लिए कहा गया है।
जानकारी के अनुसार एन.एच.पी.सी. की दुलहस्ती पावर स्टेशन किश्तवाड़ ने अनिवार्य सिल्ट फ्लशिंग के कारण लोगों के लिए एक चेतावनी जारी की है। स्टेशन प्रशासन के अनुसार 27 जून 2026 शनिवार रात 11 बजे से 28 जून 2026 रविवार रात 8 बजे तक डुल डैम जलाशय की सिल्ट फ्लशिंग की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान चिनाब नदी का जलस्तर अचानक 2 से 3 मीटर तक बढ़ सकता है।
एन.एच.पी.सी. दुलहस्ती पावर स्टेशन के ग्रुप वरिष्ठ प्रबंधक, एचआर ने आम जनता से अपील की है कि बांध से पानी छोड़ने से पहले बजने वाले सायरन की आवाज पर विशेष ध्यान दें। नदी तट पर लगे चेतावनी बोर्ड पर लिखे निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
वहीं इस दौरान प्रशासन ने लोगों को सलाह भी दी है कि फ्लशिंग के दौरान मछली पकड़ने, रेत और लकड़ी निकालने के लिए नदी किनारे न जाएं। पुलों के अलावा कहीं से भी नदी पार करने की कोशिश न करें। अपने मवेशियों को नदी किनारे चरने के लिए न छोड़ें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

