गुरुद्वारा बंगला साहिब में कथित बेअदबी पर जम्मू के सिख समुदाय ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू,, 12 अक्टूबर (हि.स.)।

दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिसकर्मियों के कथित तौर पर जूते पहनकर प्रवेश करने को लेकर जम्मू में सिख समुदाय ने कड़ी नाराजगी जताई है। समुदाय के सदस्यों ने इस घटना को धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए हैं।

सिख समुदाय के प्रतिनिधियों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश करते समय धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं का ध्यान नहीं रखा। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे में प्रवेश करने से पहले जूते उतारना और सिर ढकना सिख धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसका सभी को सम्मान करना चाहिए।

समुदाय के सदस्यों ने कहा कि दिल्ली पुलिस शायद ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को भूल गई है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा बंगला साहिब सिख समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसकी पवित्रता तथा धार्मिक मर्यादा का सम्मान किया जाना चाहिए।

सिख समुदाय ने इस कथित घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों को भी धार्मिक स्थलों की परंपराओं और श्रद्धालुओं की भावनाओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए।

फिलहाल इस आरोप पर दिल्ली पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759352 Articles

Share this story