अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति का श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा पाठ अभियान जारी

जम्मू, 12 मार्च (हि.स.)। युवा पीढ़ी को पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बचाने और उन्हें भारतीय संस्कारों से जोड़ने के लिए अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति द्वारा ‘श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा पाठ’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत करीब 18 महीने पहले हुई थी और अब इसे देशभर के आस्था केंद्रों पर बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में जम्मू के छन्नी हिम्मत स्थित राम मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या से आए विद्वान महेश पांडेय उपस्थित रहे।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। छोटे बच्चों ने हे प्रभु आनंददाता, ज्ञान हमको दीजिए जैसी प्रार्थनाएं गाकर वातावरण को संगीतमय बना दिया। इसके बाद सामूहिक रूप से ‘श्रीराम स्तुति’ एवं ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ किया गया। कार्यक्रम का समापन भगवान को भोग अर्पण और सामूहिक आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा ने कहा, हमारा उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ना है ताकि वे भविष्य में भारत को विश्वगुरु बनाने में योगदान दे सकें। आधुनिक दौर में संस्कारों की कमी के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। समिति इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति बीते वर्षों में कई सामाजिक एवं धार्मिक अभियानों का संचालन कर चुकी है। इनमें श्रीमद् भागवत गीता वितरण अभियान, गंगाजल वितरण, श्रीमद् भागवत कथा, संत सम्मेलन आदि प्रमुख हैं। पिछले वर्ष दुर्गाष्टमी से समिति ने ‘श्रीराम स्तुति एवं हनुमान चालीसा पाठ’ को भारतवर्ष के हर मंदिर में शुरू करने का संकल्प लिया है। शर्मा ने बताया कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक जम्मू जिले के सभी मंदिरों में यह कार्यक्रम नियमित रूप से नहीं होने लगता। बीते 18 महीनों में जम्मू के अलावा अन्य जिलों में भी इस अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ी है और इसे समाज का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा