श्री अमरनाथ यात्रा-2026-डीजीपी ने लखनपुर बेस कैंप व नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
श्री अमरनाथ यात्रा-2026-डीजीपी ने लखनपुर बेस कैंप व नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा


श्री अमरनाथ यात्रा-2026-डीजीपी ने लखनपुर बेस कैंप व नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा


कठुआ, 06 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात आईपीएस ने सोमवार को श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के मद्देनजर लखनपुर बेस कैंप और जिला कठुआ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने मल्टी-लेयर सुरक्षा ग्रिड, एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था, संयुक्त पुलिस कंट्रोल रूम, ट्रैफिक प्रबंधन तथा काफिलों की आवाजाही की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उनका उद्देश्य यात्रा के दौरान सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखना था।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने डीजीपी को सुरक्षा प्रबंधों, ट्रैफिक प्लान तथा यात्रा के सुचारू संचालन के लिए लागू मानक संचालन प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डीजीपी ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को उच्चतम स्तर की सतर्कता बनाए रखने और आपसी समन्वय को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख संपर्क मार्गों और यात्रा मार्गों पर दिन-रात गश्त एवं क्षेत्रीय नियंत्रण को और सघन करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला कठुआ में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिशों को विफल करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी फील्ड यूनिट्स को यात्रियों की पहचान का सख्ती से सत्यापन करने और आरएफआईडी आधारित ट्रैकिंग सिस्टम का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि पंजीकृत यात्रियों की रियल-टाइम निगरानी की जा सके।

डीजीपी ने बिना पंजीकरण वाले यात्रियों से संबंधित मामलों को श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशीलता और नियमों के तहत संभालने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी एजेंसियों के संयुक्त प्रयास, सतत निगरानी और बेहतर तालमेल से श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story