श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026-डीसी कठुआ ने सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को अभियान तेज करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026-डीसी कठुआ ने सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को अभियान तेज करने के निर्देश


कठुआ, 28 जून (हि.स.)। आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन कठुआ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने रविवार को कठुआ और लखनपुर नगर परिषद क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर निकायों द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियानों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रयासों को और मजबूत किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी पुनः शुरू होने के बाद नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने संबंधित कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं सफाई कार्यों की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी क्षेत्र उपेक्षित न रहे।

इस दौरान उन्होंने लखनपुर के मुख्य बाजार और जिले के प्रवेश द्वार पर भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर परिषद लखनपुर के अधिकारियों को नियमित सफाई, उचित कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान उपायुक्त ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के शुरू होने से पहले प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक प्राथमिकता दी जाए। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, जलभराव की स्थिति से बचाव करें और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर एडीसी महिमा मदान, एसीआर विशाल प्रताप सिंह, लखनपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंदर शर्मा, सीईओ नगर परिषद कठुआ अमित शर्मा और ईओ लखनपुर नगर परिषद पृथ्वी सांगड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story