पाकिस्तान के खिलाफ शिवसेना का उग्र प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 10 अप्रैल (हि.स.)।

पकिस्तान की लगातार गीदड़ भभकियों, भारत विरोधी षड्यंत्रों और उकसावे भरे बयानों के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), जम्मू-कश्मीर इकाई ने आज जम्मू में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पाकिस्तान के “गीदड़ रूपी पुतले” को आग के हवाले कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने पाकिस्तान की दोहरी नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शांति का दिखावा करता है जबकि दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ और आतंकवाद को बढ़ावा देने से बाज नहीं आता।

उन्होंने कहा कि कोलकाता जैसे महानगरों को लेकर दी गई हालिया धमकियां और परमाणु हमले की खोखली चेतावनियां पाकिस्तान की बौखलाहट को उजागर करती हैं।

साहनी ने इस अवसर पर देश और प्रदेश की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए ‘राष्ट्रीय बंकर नीति’ को तत्काल लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी देशों पर भरोसा करना संभव नहीं है। बदलते युद्ध स्वरूप में दुश्मन अब सीधे शहरों और आम नागरिकों को निशाना बना सकते हैं ऐसे में बंकर नागरिक सुरक्षा के लिए अनिवार्य हो चुके हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से मांग की कि जम्मू-कश्मीर सहित देश के सभी संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में आधुनिक ‘सेफ बंकर’ का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया जाए ताकि आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस संबंध में एक औपचारिक ज्ञापन भी प्रेषित किया गया है।

अंत में साहनी ने दोहराया कि “जब तक हमारे नागरिक सुरक्षित नहीं, तब तक हमारा संघर्ष थमेगा नहीं!

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story