शिवसेना (यूबीटी) ने शुरू किया जम्मू योद्धा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
शिवसेना (यूबीटी) ने शुरू किया जम्मू योद्धा अभियान


जम्मू, 30 जून (हि.स.)। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई ने प्रदेश की महान विभूतियों के सम्मान, डोगरा गौरव के संरक्षण तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऐतिहासिक 'जम्मू योद्धा अभियान' का शुभारंभ किया। अभियान के प्रथम चरण में प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय सेना के जांबाज़ अधिकारी एवं डोगरा रत्न मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जम्वाल, एवीएसएम (सेवानिवृत्त) से भेंट कर उन्हें 'जम्मू योद्धा स्मृति चिह्न' भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मनीष साहनी ने कहा कि 'जम्मू योद्धा अभियान' केवल सम्मान समारोह नहीं बल्कि डोगरा स्वाभिमान, वीर परंपरा और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को समाज के सामने लाने का एक व्यापक जनअभियान है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने नायकों का सम्मान करता है, वही आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा और प्रेरणा देता है।

मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जमवाल का सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि त्याग, शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति जैसी उन मूल्यों का सम्मान है जिन्होंने डोगरा समाज और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

साहनी ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे ऐसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं ताकि जम्मू का हर युवा गर्व से कह सके— हाँ मैं भी एक जम्मू योद्धा हूँ। सम्मान प्राप्त करने के बाद मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जमवाल (सेवानिवृत्त) ने इस पहल के लिए शिवसेना (यूबीटी) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बदलते समय में भी अपनी सांस्कृतिक पहचान, डोगरा परंपराओं और मूल्यों से जुड़े रहना हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।

मनीष साहनी ने बताया कि 'जम्मू योद्धा अभियान' एक सतत जनअभियान होगा जिसके तहत सेना, शिक्षा, खेल, संस्कृति, समाजसेवा, प्रशासन और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित 'जम्मू योद्धा' बनने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जमवाल के करकमलों से 'जम्मू योद्धा' सोशल मीडिया पेज का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। यह मंच प्रदेश के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story