एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर शिवसेना हिंदुस्तान का तीखा विरोध

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर शिवसेना हिंदुस्तान का तीखा विरोध


जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। शिवसेना हिंदुस्तान जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी पर कड़ा विरोध जताते हुए कुछ गैस एजेंसियों और डिलीवरी कर्मियों पर अधिक कीमत वसूलने का आरोप लगाया है। जम्मू में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा “कोई कमी नहीं” का आश्वासन देने के बावजूद उपभोक्ताओं से एक सिलेंडर के लिए 1100 से 1300 रुपये तक वसूले जा रहे हैं जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने इसे आपराधिक कृत्य बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। केसरी ने चेतावनी दी कि शिवसेना हिंदुस्तान के कार्यकर्ता जल्द ही एलपीजी वितरण केंद्रों के बाहर तैनात किए जाएंगे ताकि उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने जैसी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एलपीजी, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति लगातार बनाए रखी गई है इसलिए एजेंसियों या उनके कर्मचारियों द्वारा मुनाफाखोरी करना पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने वितरकों से अपील की कि वे अपने कर्मचारियों को निर्धारित दरों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दें और हर वितरण केंद्र पर आधिकारिक कीमतों का स्पष्ट बोर्ड लगाएं।

इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे जिनमें बॉर्डर सेल प्रमुख संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष राज कुमार, सचिव राज कुमार, कोषाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता और सदस्य दर्शना देवी, नीरू देवी व अनु देवी शामिल थे। पार्टी ने कहा कि वह उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और आवश्यक वस्तुओं की निष्पक्ष उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story