जम्मू में नशा-आतंकवाद पर शिव सेना हिंदुस्तान का अलार्म, युवाओं के भविष्य पर खतरे की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में नशा-आतंकवाद पर शिव सेना हिंदुस्तान का अलार्म, युवाओं के भविष्य पर खतरे की चेतावनी


जम्मू, 02 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने जम्मू क्षेत्र में बढ़ते नशा-आतंकवाद पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि हेरोइन, जिसे स्थानीय तौर पर “चिट्टा” कहा जाता है तेजी से स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंच रही है और युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल रही है। जम्मू में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान केसरी ने आरोप लगाया कि सीमा पार से ड्रोन और स्थानीय नेटवर्क के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह संगठित नेटवर्क बेरोजगार युवाओं को आसान पैसे का लालच देकर उन्हें ड्रग सप्लाई चेन का हिस्सा बना रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समस्या का समाधान केवल पुलिस कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर इस चुनौती का सामना करना होगा। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से नशे के बढ़ते प्रभाव पर खुलकर चर्चा करने की अपील की। राजेश केसरी ने आगामी सरपंच चुनावों के संदर्भ में “जनता की परीक्षा” का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि मतदाता उम्मीदवारों से नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना और जिला स्तर पर जागरूकता अभियानों को लेकर ठोस योजना पूछें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को चुनाव प्रचार जितनी ही गंभीरता से नशे के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए।

उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होकर इस समस्या से निपटने का आह्वान किया। इस अवसर पर बॉर्डर सेल प्रमुख संजीव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story