शिव सेना हिंदुस्तान की बैठक में जनसहायता शिविरों का ऐलान, दस्तावेज़ी समस्याओं के समाधान पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
शिव सेना हिंदुस्तान की बैठक में जनसहायता शिविरों का ऐलान, दस्तावेज़ी समस्याओं के समाधान पर जोर


जम्मू, 06 अप्रैल (हि.स.)। शिवसेना हिंदुस्तान की जम्मू-कश्मीर इकाई ने पुरखू कैंप में पार्टी अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की जिसमें आम जनता की सहायता के लिए व्यापक जमीनी स्तर के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव-स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे जहां राशन कार्ड सुधार, नए सदस्यों विशेषकर बच्चों के नाम जोड़ने, लेबर कार्ड पंजीकरण तथा आधार को मोबाइल नंबर से लिंक करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

इस अवसर पर पंडित राजेश केशरी ने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग सरकारी दफ्तरों में लंबी कतारों और जटिल प्रक्रियाओं के कारण दस्तावेज़ी कार्य पूरे नहीं कर पाते। ऐसे में ये शिविर सेवाओं को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आम जनता को सही दस्तावेज़ों के महत्व के बारे में जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान पंडित केशरी ने जम्मू पुलिस द्वारा कथित नशा तस्कर लाऊ गुर्जर की गिरफ्तारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है और इस तरह की कार्रवाई युवाओं को बचाने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने एसएसपी जम्मू, एसपी हेडक्वार्टर, एसडीपीओ गुरमीत सिंह और एसएचओ मीरां साहिब सरदार जितेंद्र सिंह के प्रयासों की भी प्रशंसा की जिन्होंने इस कार्रवाई को सफल बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story