श्रीराम मंदिर ओल्ड मंडी पहुंचे शिवसेना हिंदुस्तान नेता, संतों के लिए राशन उपलब्ध कराने की उठाई मांग
जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)। शिवसेना हिंदुस्तान का एक प्रतिनिधिमंडल जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश केसरि के नेतृत्व में रविवार को जम्मू के ओल्ड मंडी स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचा जहां चल रही श्री अमरनाथ यात्रा के संदर्भ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान पंडित राजेश केसरि ने महामंडलेश्वर श्री 1008 रमेश्वर दास जी महाराज द्वारा वर्ष 1982 से लगातार संतों और अमरनाथ यात्रियों की सेवा में दिए जा रहे योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर में यात्रियों और संतों के लिए आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की निःस्वार्थ व्यवस्था की जाती है जिससे यह मंदिर देशभर में अपनी सेवा परंपरा के लिए पहचान बना चुका है।
पंडित केसरि ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में सरकार की ओर से संतों की सेवा के लिए मंदिर को आटा, चावल और चीनी जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती थी लेकिन इस वर्ष अब तक राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार, विशेषकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री से मांग की कि संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक खाद्यान्न सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान शिवसेना हिंदुस्तान के पदाधिकारियों और संतों ने बम-बम भोले के जयघोष लगाए तथा श्री अमरनाथ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन के लिए प्रार्थना की। प्रतिनिधिमंडल ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा की कामना भी की। पंडित राजेश केसरि ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा श्री अमरनाथ यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों की भी सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से यात्रा का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

