मरहोल गांव में नशा विरोधी बड़ी बैठक आयोजितत
जम्मू,, 05 मई (हि.स.)।
बॉर्डर ब्लॉक अरनिया के मरहोल गांव में शिवसेना हिंदुस्तान द्वारा नशा विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विशेष रूप से महिलाओं, माताओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखी गई।
इस अवसर पर महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने बच्चों पर कड़ी निगरानी रखेंगी और यदि किसी भी घर या गांव में नशा, देसी शराब या अन्य अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं तो इसकी सूचना तुरंत शिवसेना हिंदुस्तान या पंचायत प्रतिनिधियों को दी जाएगी।
शिवसेना हिंदुस्तान के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संगठन द्वारा गांव-गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि एलजी द्वारा चलाए जा रहे 100 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान को भी मजबूती देने की जरूरत है जिसमें समाज की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें ताकि युवा पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके और देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।
बैठक में कई स्थानीय प्रतिनिधि और महिलाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

