कुलगाम हत्याकांड की शिवसेना हिंदुस्तान ने की निंदा, आतंकियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। शिवसेना हिंदुस्तान के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने कुलगाम में दीपक रात्री और भूपिंदर कुमार की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि निर्दोष और निहत्थे नागरिकों को निशाना बनाकर हत्या करने वाले आतंकियों को कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। राजेश केसरी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और नार्को-टेररिज्म देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उसके समर्थन तंत्र के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है तथा ऐसे मामलों में शामिल या आतंकियों की मदद करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि आतंकवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को बिना किसी देरी के पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना था कि पीड़ित परिवारों को अंतिम संस्कार से पहले ही मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
राजेश केसरी ने आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार आतंकियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उसके नेटवर्क का पूरी तरह सफाया करने के लिए और अधिक प्रभावी एवं दृढ़ कार्रवाई की आवश्यकता है। इस अवसर पर राजेश हांडा, संजीव शर्मा, बलवंत फौजी, सुरेश कुमार सहित शिवसेना हिंदुस्तान के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

