जम्मू में शिव सेना डोगरा फ्रंट का राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को बदनाम करने का लगाया आरोप
जम्मू,, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू में शिव सेना डोगरा फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बिना किसी ठोस कारण के बदनाम करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान शिव सेना डोगरा फ्रंट के नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी लगातार चुनाव आयोग तथा मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयानों से चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फ्रंट के नेताओं ने कहा कि यदि राहुल गांधी को लगता है कि चुनावों में धांधली हुई है तो उन्हें अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत सामने रखने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनावी प्रक्रिया में इतनी बड़ी गड़बड़ी हुई है, तो राहुल गांधी और उनके सहयोगी नेताओं को अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना सभी का अधिकार है लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ लगाए जाने वाले आरोप तथ्यों और प्रमाणों पर आधारित होने चाहिए।
शिव सेना डोगरा फ्रंट ने राहुल गांधी से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

