नवरात्रों में मांस और शराब की दुकानें बंद रखने की मांग, शिवसेना डोगरा फ्रंट ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 04 अक्टूबर (हि.स.)।

आगामी नवरात्रों के दौरान जम्मू में मांस और शराब की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने की मांग को लेकर शिवसेना डोगरा फ्रंट ने प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से नवरात्रों के नौ दिनों के दौरान इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अशोक गुप्ता ने कहा कि नवरात्र हिंदू धर्म के प्रमुख धार्मिक पर्वों में शामिल हैं और इन नौ दिनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास रखने के साथ धार्मिक नियमों का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को उचित कदम उठाने चाहिए।

अशोक गुप्ता ने मांग की कि संबंधित अधिकारी जम्मू में मांस और शराब की दुकानें चलाने वालों को नवरात्रों के दौरान दुकानें बंद रखने के स्पष्ट निर्देश जारी करें। इसके साथ ही उन्होंने इस अवधि के दौरान मांस और शराब की अनधिकृत बिक्री पर भी रोक सुनिश्चित करने की मांग की।

संगठन का कहना है कि यह मांग नवरात्रों की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उठाई गई है। अशोक गुप्ता ने जम्मू प्रशासन से इस मामले में जल्द निर्णय लेने की अपील की।

शिवसेना डोगरा फ्रंट ने कहा कि यदि उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो संगठन कानून के दायरे में अपने विरोध प्रदर्शन को और तेज करेगा।

प्रदर्शन में कीमती, सुरेश, निर्मल, दविंदर, लब्बा, आशीष, सुशील, राम, किशोर, प्रेम, फौजी, भाजो, अशोक और नानकू सहित संगठन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story