शिव सेना ने जनरल जोरावर सिंह के वंशज को ‘जम्मू योद्धा’ सम्मान से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 27 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू की गौरवशाली डोगरा विरासत, शौर्य और संस्कृति को सम्मान देने की मुहिम के तहत शिवसेना (यूबीटी) जम्मू कश्मीर इकाई द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता रिया व दीक्षा को ‘जम्मू योद्धा’ स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। दोनों महान डोगरा सैन्य कमांडर जनरल जोरावर सिंह कहलूरिया की छठी पीढ़ी की वंशज हैं।

पार्टी प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने कहा कि जनरल जोरावर सिंह आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन गर्व की बात है कि उनकी छठी पीढ़ी की ये दोनों बेटियां अपने कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनरल जोरावर सिंह के शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को आज भी लोगों तक पहुंचाकर उन्हें तरोताजा रख रही हैं।

साहनी ने कहा कि 19वीं सदी में जनरल जोरावर सिंह ने अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में डोगरा सेनाओं का नेतृत्व करते हुए लद्दाख और तिब्बत क्षेत्र तक अपने सैन्य अभियानों से असाधारण वीरता का परिचय दिया।

साहनी ने कहा कि रिया और दिक्षा का अपनी गौरवशाली विरासत को संजोना और नई पीढ़ी को उससे जोड़ना सराहनीय प्रयास है। जम्मू योद्धा सम्मान केवल दो बेटियों का सम्मान नहीं बल्कि जनरल जोरावर सिंह की वीर विरासत और समूचे डोगरा शौर्य को नमन है।

साहनी ने आह्वान किया कि जम्मू की युवा पीढ़ी अपने इतिहास और वीर योद्धाओं की गौरवगाथाओं को जाने, समझे और आगे बढ़ाए ताकि डोगरा शौर्य और जम्मू की पहचान आने वाली पीढ़ियों तक गर्व के साथ पहुंचती रहे।

इस मौके पर शिवसेना से संजय भटट्, आदित्य महाजन समेत राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन्नी प्रधान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story