जंबू लोचन टी-20 टूर्नामेंट में शाइन स्टार की रोमांचक जीत, हंटर क्रिकेट क्लब को 1 विकेट से हराया
जम्मू, 18 अप्रैल (हि.स.)। मौलाना आजाद स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रथम जंबू लोचन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में आज एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला जहां शाइन स्टार क्रिकेट क्लब ने हंटर क्रिकेट क्लब को एक विकेट से हराकर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हंटर क्रिकेट क्लब की टीम 19.3 ओवर में 133 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कप्तान विकास चरक ने 13 गेंदों में 19 रन (तीन चौके और एक छक्का) बनाए जबकि अरविंद चौहान ने 30 गेंदों में 23 रन का योगदान दिया। शाइन स्टार की ओर से मोहित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.3 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए शाइन स्टार क्रिकेट क्लब ने 19.2 ओवर में 9 विकेट खोकर 134 रन बनाते हुए मैच अपने नाम किया। अनमोल कुमार ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 50 रन बनाए जबकि रोहित ने 12 गेंदों में 15 रन का योगदान दिया। हंटर क्रिकेट क्लब की ओर से विकास चरक ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि अरविंद चौहान ने 2 विकेट हासिल किए।
आखिरी क्षण तक चले इस रोमांचक मुकाबले में शाइन स्टार क्रिकेट क्लब ने एक विकेट से जीत दर्ज की। शानदार गेंदबाजी के लिए मोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन की महासचिव नीते कौर खालसा द्वारा प्रदान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

