जम्मू के बनतालाब राम मंदिर में विजयदशमी पर शस्त्र पूजन
जम्मू,, 20 अक्टूबर (हि.स.)।
विजयदशमी के पावन अवसर पर जम्मू के बनतालाब स्थित राम मंदिर में राजपूत समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने पारंपरिक शस्त्र पूजन किया। इस दौरान पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने धर्म, समाज और राष्ट्र की रक्षा करने तथा अन्याय के खिलाफ खड़े रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुरिंदर सिंह गिल्ली ने कहा कि शस्त्र केवल हमारी पारंपरिक विरासत का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि साहस, सम्मान और स्वाभिमान के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन का वास्तविक उद्देश्य भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करना और यह संकल्प लेना है कि शस्त्रों का उपयोग हमेशा धर्म, समाज और राष्ट्र की रक्षा के लिए ही किया जाए।
उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है। यह पर्व हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के साथ-साथ समाज में एकता, भाईचारे और न्याय की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में सुरिंदर सिंह गिल्ली, सरपंच धर्मेंद्र सिंह, कोमल सिंह, पन्नी राजपूत, प्रताप सिंह जम्वाल, आर्यवीर सिंह, बाबा गगन, शुभम सिंह, टोनी लंगेह, मक्खन, प्रेम सिंह, संजीव सिंह, रोहिन सिंह, विशाल खजूरिया, सुनील शर्मा और विशाल चौधरी सहित समाज के अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने धर्म, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

