श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई गई शनिवारी अमावस्या, हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई गई शनिवारी अमावस्या, हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़


जम्मू, 16 मई (हि.स.)। त्रिकुटा नगर सेक्टर-7 स्थित शिव मंदिर में शनिवारी अमावस्या श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर परिसर में दिनभर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भक्तों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। भव्य आयोजन मंदिर समिति द्वारा प्रधान शिव कुमार जॉली और वरिष्ठ सदस्य विजय वैद के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ रहा जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ भाग लिया। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा और पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और परिवारों की भागीदारी रही। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से मानसिक शांति, आत्मिक बल और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की नई ऊर्जा मिलती है। साथ ही ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और सामूहिक सौहार्द को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर भगवान चन्नी महाराज के आशीर्वाद स्वरूप विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया जिसमें श्रद्धालुओं को पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। स्वयंसेवकों ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सेवा की।

मंदिर प्रधान शिव कुमार जॉली ने कहा कि शनिवारी अमावस्या पर मंदिर में शायद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में मानवता, अनुशासन, करुणा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।

इस अवसर पर अजय गुप्ता, मैडम गिरिजा, पब्बा जी, डी.पी. अरोड़ा, देविंदर चौधरी, नाना जी रैना, अनीता, उर्मिल अरोड़ा, राजेश गुप्ता, मुख्य पुजारी पंकज पंडित, सुरेश सेठी, पंडित विजय और पंडित मोहिंदर जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story