अल्ताफ बुखारी की मौजूदगी में कई प्रमुख हस्तियां अपनी पार्टी में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
अल्ताफ बुखारी की मौजूदगी में कई प्रमुख हस्तियां अपनी पार्टी में शामिल


जम्मू, 26 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी को वीरवार को उस समय मजबूती मिली जब विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े कई लोगों ने पार्टी अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी की मौजूदगी में गांधी नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वालों में पूर्व मुख्य कृषि अधिकारी मदन लाल भगत, रेंजर हरीश चंदर और सेवानिवृत्त कैप्टन मनमोहन सिंह चिब शामिल हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के अनुसूचित जाति (एससी) सेल के अध्यक्ष बोध राज भगत ने किया।

इस अवसर पर अल्ताफ बुखारी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ाव से पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने शेषनाग झील के पर्यावरण को लेकर सामने आ रही चिंताओं पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा धार्मिक आस्था का विषय है और श्रद्धालुओं का स्वागत कश्मीर की परंपरा रही है लेकिन धार्मिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

बुखारी ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर बनी अनिश्चितता, युवाओं की परेशानी और रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाएं स्थगित होने और रद्द होने से बेरोजगार युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं डॉक्टरों की मांगों का जल्द समाधान करने के लिए सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए ताकि अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

उन्होंने दैनिक वेतनभोगियों और अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण, आरक्षण नीति को लेकर बनी असमंजस की स्थिति, महंगाई और बिजली व एलपीजी राहत से जुड़े वादों को लागू करने की जरूरत भी उठाई। बुखारी ने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में देरी से जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सरकार को लोगों की समस्याओं पर स्पष्ट कार्ययोजना के साथ समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story