सेवा पर्व में स्वच्छता अभियान के साथ प्लास्टिक मुक्त पहल, हीरानगर में पुस्तक दान
कठुआ, 29 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व-2026 के तहत मंगलवार को कठुआ जिले में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। सरकारी कार्यालयों, बिलावर, बसोहली, कठुआ और हीरानगर में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने स्वच्छता अभियानों में भाग लेकर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
बिलावर में एडीसी विश्वजीत सिंह की निगरानी में स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ स्वयं भी भाग लिया। इस दौरान दुकानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल की जांच कर दुकानदारों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया। कठुआ के शिवानगर क्षेत्र में जेकेपीसीसी की टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता एवं कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान करीब 6.5 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन और 200 ग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। वहीं एसडीएम कार्यालय हीरानगर में पुस्तक दान कार्यक्रम और स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुस्तकें दान कर जरूरतमंदों तक शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने तथा पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल की। एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह जेकेएएस ने कार्यक्रम में भाग लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों और वन विभाग परिसरों में भी स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाए गए। जिला प्रशासन ने लोगों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा की इन गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

