नवरात्र और दीपावली से पहले फल्यां मंडाल में सुरक्षा कड़ी, पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 04 अक्टूबर (हि.स.)।

नवरात्र और दीपावली को देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अखनूर के फल्यां मंडाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी के तहत पुलिस के विशेष अभियान समूह ने क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की।

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस की महिला कर्मियों को भी तैनात किया गया। इसके अलावा श्वान दस्ते और ड्रोन की मदद से अलग-अलग इलाकों की जांच और निगरानी की गई। पुलिस दलों ने आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

त्योहारी दिनों में लोगों की आवाजाही और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से सतर्कता बढ़ाई गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस का उद्देश्य नवरात्र और दीपावली के दौरान शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story