यात्रा के मद्देनजर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित, दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 26 जून (हि.स.)। आगामी 3 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रा के मद्देनजर पूरे केंद्र शासित प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जम्मू के बस स्टैंड क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस थाना बस स्टैंड के एसएचओ अश्वनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से 480 नशीले कैप्सूल और 70 नशीली टैबलेट्स बरामद की गईं।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस थाना बस स्टैंड ले जाया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story