जम्मू-कश्मीर सरकार का 'दरबार मूव' 2 नवंबर को श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित करने का आदेश

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने 2026-27 के शीतकालीन सत्र के लिए सरकारी कार्यालयों को श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। वार्षिक 'दरबार मूव' के तहत 2 नवंबर से जम्मू में कार्यालय फिर से खुलेंगे।

आदेश के अनुसार जिन कार्यालयों में सप्ताह में 5 दिन काम होता है, वे 30 अक्टूबर को कार्यालय समय के बाद श्रीनगर में बंद हो जाएंगे। जिन कार्यालयों में सप्ताह में 6 दिन काम होता है, वे 31 अक्टूबर को बंद होंगे। आदेश में कहा गया है कि 'कैंप मोड' में काम करने वाले कार्यालयों में कुल कर्मचारियों का 33 प्रतिशत हिस्सा या 10 अधिकारी (जो भी कम हो) मौजूद रहेंगे, जब तक कि कोई अन्य निर्देश न दिया गया हो।

सरकार ने जम्मू जाने वाले प्रत्येक कर्मचारी के लिए 25,000 रुपये का एक समान 'विशेष मूव ट्रैवलिंग अलाउंस' (यात्रा भत्ता) तय किया है। जो कर्मचारी निर्धारित तिथि से पहले या उस तिथि तक स्थानांतरित नहीं होते हैं, उन्हें यह भत्ता नहीं दिया जाएगा। जम्मू जाने वाले नॉन-गजेटेड (अराजपत्रित) कर्मचारी अग्रिम वेतन (एडवांस पे) के लिए भी आवेदन कर सकते हैं जिसकी वसूली नियमों के अनुसार किश्तों में की जाएगी।

मूव (स्थानांतरण) में शामिल कार्यालयों के कर्मचारियों के लिए अक्टूबर का वेतन 29 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि स्थानांतरण के दिनों के साथ या उसके तुरंत बाद आमतौर पर छुट्टी की अनुमति नहीं दी जाएगी, सिवाय बहुत ही विशेष परिस्थितियों के। कश्मीर में तैनात कर्मचारियों को पांच दिनों की 'विशेष आकस्मिक छुट्टी' मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763928 Articles

Share this story