कठुआ में महिला सप्ताह का दूसरा दिन-वॉकथॉन और जागरूकता कार्यक्रमों से गूंजा जिला

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में महिला सप्ताह का दूसरा दिन-वॉकथॉन और जागरूकता कार्यक्रमों से गूंजा जिला


कठुआ, 03 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन कठुआ द्वारा आयोजित महिला सप्ताह के दूसरे दिन पूरे जिले में उत्साहपूर्वक वॉकथॉन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना और उनके अधिकारों व सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

जिला मुख्यालय पर आयोजित वॉकथॉन को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण, जिला समाज कल्याण अधिकारी वरुण चैधरी, जिला शिक्षा एवं योजना अधिकारी अंजना मन्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

उपायुक्त ने कहा कि सप्ताहभर चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, कौशल विकास, स्वरोजगार के अवसरों और कानूनी अधिकारों की जानकारी देना है। उन्होंने ग्रामीण और वंचित वर्ग की महिलाओं तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसी प्रकार हीरानगर और बनी उपमंडलों में भी वॉकथॉन आयोजित किए गए। साथ ही साइबर सुरक्षा और महिला संबंधित कानूनों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।

महिला सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न विषयगत कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story