आरएस पुरा में एसडीएम ने अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई की
जम्मू,, 27 मई (हि.स.)।
आरएस पुरा की एसडीएम अनुराधा ठाकुर (जेकेएएस) ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड्याल ब्राह्मणा के तवी बेल्ट क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। लगातार मिल रही जन शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही कई मशीनों और वाहनों को मौके पर जब्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद माइनिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों का कहना है कि जब एक एसडीएम खुद मौके पर पहुंचकर इतनी बड़ी कार्रवाई कर सकती हैं तो माइनिंग विभाग और जिला खनन अधिकारी अब तक क्या कर रहे थे। क्षेत्र में खुलेआम प्राकृतिक संसाधनों की लूट के बावजूद विभाग की चुप्पी को लेकर प्रशासनिक लापरवाही और मिलीभगत के आरोप भी लग रहे हैं। अब स्थानीय लोग अवैध खनन को संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

