सावन चक विवाद ने पकड़ा तूल, होर्डिंग लगाने वाले मजदूरों से भी दुर्व्यवहार का आरोप
कठुआ, 23 नवंबर (हि.स.)। कठुआ के सावन चक में गत मंगलवार देर रात हुए मारपीट के मामले में अब एक नया विवाद सामने आया है। होर्डिंग लगाने का ठेका लेने वाली कंपनी तक्श मीडिया के मैनेजर राजन कुमार निवासी वार्ड नंबर 12 ने आरोप लगाया है कि मौके पर पहुंचे कुछ युवकों ने उनके कर्मचारियों और मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार किया, गाली-गलौज की और उन पर हमला करने का प्रयास किया। इस संबंध में उन्होंने नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार कंपनी ने कानूनी प्रक्रिया के तहत होर्डिंग लगाने का ठेका लिया है लेकिन कर्णवीर सिंह साहिल और एक अन्य युवक सन्नी ने मौके पर पहुंचकर काम में बाधा डाली और मजदूरों को धमकाते हुए जबरन काम बंद करवा दिया। इससे कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। कंपनी ने काम पूरा करवाने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग भी की थी। सोमवार को पुलिस टीम की मौजूदगी में कंपनी के कर्मचारियों ने दोबारा होर्डिंग लगाने का काम शुरू किया। वहीं मारपीट की घटना में घायल रंधीर सिंह की हालत गंभीर होने के चलते उसे जीएमसी कठुआ से एम्स विजयपुर रेफर किया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल की शिकायत पर पुलिस ने अमनदीप सिंह एम्मी, कर्णवीर सिंह साहिल, हरसिमरण सिंह हरसी, आकाश और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है। वहीं आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

