सतवारी पुलिस ने चोरी का 234 किलोग्राम तांबा किया बरामद

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू,, 10 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 234 किलोग्राम यानी 2.34 क्विंटल चोरी का तांबा बरामद किया है। इस मामले में सतवारी पुलिस ने चोरी का तांबा कथित रूप से खरीदने वाले एक कबाड़ कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार सतवारी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) और 317(2) के तहत प्राथमिकी संख्या 293/2026 दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पहले से आरोपी उमर वसीम पुत्र अब्दुल गनी निवासी बग्गा माहौर, जिला रियासी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का तांबा कथित रूप से प्राप्त करने वाले कबाड़ कारोबारी देव राज पुत्र परमानंद निवासी बरियां सुपवाल, जिला सांबा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले से संबंधित करीब 234 किलोग्राम चोरी का तांबा भी बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुलिस चौकी गाड़ीगढ़ के प्रभारी पीएसआई जरनैल सिंह के नेतृत्व में की गई, जबकि अभियान की निगरानी सतवारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने की।

पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story