कठिन परिस्थितियों के बावजूद सनातन सशक्त और जीवित-मनोज सिन्हा
जम्मू, 20 फरवरी (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सनातन संस्कृति अनेक आक्रमणों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद आज भी जीवित और सशक्त है। उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन का एक नया कालखंड शुरू हुआ है।
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सलेमपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बनकटा शिव में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं अमृतमयी कथा में शामिल होने पहुंचे थे। उनके आगमन पर आयोजकों और क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों के बाद भगवान श्रीराम का मंदिर स्थापित होना आस्था, धैर्य और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने समाज को बांटने वाली शक्तियों से दूर रहने और समरसता, एकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल आर्थिक उन्नति ही नहीं, बल्कि समावेशी विकास और टेक्नोलॉजी आधारित आधारभूत संरचना के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। पौराणिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि त्रेता युग में देवरिया की उत्पत्ति मानी जाती है तथा मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान यहां भी कदम रखा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

